नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) दिल्ली के शाहदरा इलाके के गांधी नगर में चार मंजिला इमारत के अचानक एक तरफ झुक जाने के बाद उसमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने इमारत तुरंत खाली करवा ली। इसी के साथ दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मकान मालिक को स्वेच्छा से ढांचा ध्वस्त करने का निर्देश दिया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
एमसीडी के अधिकारी ने कहा कि नगर निगम ने रविवार को मकान मालिक को ध्वस्तीकरण कार्य करने के लिए कहा है तथा ऐसा नहीं करने पर एमसीडी लागू प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू करेगी।
अधिकारियों के अनुसार शाहदरा में स्थित इमारत के अचानक झुक जाने के बाद इसे तुरंत खाली करा दिया गया। इस घटना के कारण आस-पास रहने वाले लोगों में घबराहट फैल गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी की।
एमसीडी की एक टीम भी मौके पर पहुंची और इमारत की हालत का जायजा लिया।
किसी को भी इमारत के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई है और अधिकारी आस-पास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।
यह घटना पिछले हफ्ते सत्य निकेतन में लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) परिसर के तौर पर इस्तेमाल हो रही पांच मंजिला इमारत के ढहने के बाद हुई है, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
भाषा सुरभि गोला
गोला