आगरा (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की छवि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बदली है।
सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी खराब सड़कों, असुरक्षा और दंगों के लिए जाना जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य बदल गया है और अब अपनी ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) पहल के लिए पहचाना जाता है।
सिंह यहां खंडारी इलाके में ‘अखिल भारतीय खटीक समाज’ द्वारा आयोजित ‘खटीक गर्जना सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा कि एक समय था जब राज्य में खराब सड़कें और असुरक्षा का माहौल था, और अक्सर दंगे होते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले ‘एक जिला, एक माफिया’ का दौर था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस तस्वीर को बदल दिया है। आज उत्तर प्रदेश ‘एक जिला-एक उत्पाद’ के लिए जाना जाता है।’
रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में सभी क्षेत्रों में विकास हो रहा है।
खटीक समुदाय के सदस्यों ने सिंह का अभिनंदन किया और उन्हें चांदी का मुकुट भेंट किया। हालांकि, सिंह ने उनसे कहा कि वे यह मुकुट किसी गरीब लड़की को दान कर दें।
सामाजिक एकता और सद्भाव का आह्वान करते हुए सिंह ने कहा कि खटीक समुदाय हमेशा देश और धर्म की रक्षा में सबसे आगे रहा है। उन्होंने कहा, ‘खटीक वह है जो खौफ को हरा दे।’
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष