दिल्ली: स्वास्थ्य मंत्री ने ‘स्टॉप डायरिया 2026’ अभियान की शुरुआत की

Ads

दिल्ली: स्वास्थ्य मंत्री ने ‘स्टॉप डायरिया 2026’ अभियान की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 08:30 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 08:30 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बरसात के मौसम में बच्चों को अतिसार से बचाने और इस बीमारी से होने वाली मौतों को कम करने के लिए मंगलवार को ‘स्टॉप डायरिया 2026’ अभियान की शुरुआत की।

यहां सचिवालय में 31 जुलाई तक चलने वाले अभियान की शुरुआत करते हुए सिंह ने कहा कि मानसून के मौसम में अतिसार और जलजनित रोगों के मामलों में वृद्धि होती है, लिहाज़ा स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, साफ-सफाई तथा ओआरएस एवं जिंक के समय पर उपयोग के बारे में व्यापक जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा, “स्टॉप डायरिया अभियान’ केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों को अतिसार से बचाने तथा इससे होने वाली बीमारियों की रोकथाम और उनसे संबंधित मृत्यु में कमी लाने के लिए एक महत्वपूर्ण मुहिम है।”

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा और इसके अंतर्गत जन-जागरूकता, क्षमता निर्माण, घर-घर संपर्क तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि प्रत्येक बच्चा ऐसी बीमारियों से सुरक्षित रह सके।

इसके अनुसार, इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों और उनके अभिभावकों को ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां भी निःशुल्क वितरित की जा रही हैं।

इस बीच मंत्री ने पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल (एसवीबीपी) अस्पताल में नवनिर्मित ‘मॉडल एकीकृत पोषण केंद्र’ का भी ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया और गर्भकालीन मधुमेह (जीडीएम) और गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर सेप्सिस के प्रबंधन के वास्ते मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) जारी कीं तथा क्लिनिकल एल्गोरिद्म का विमोचन किया।

अस्पताल में पोषण केंद्र का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा, “यह केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा पोषण संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे परिवारों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। इसमें एलोपैथी, आयुष पद्धति, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को एकीकृत किया गया है।”

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव