दिल्ली होटल अग्निकांड: पुलिस ने फरार ‘प्रबंधक’ जय मिश्रा का पता लगाने की कोशिशें तेज़ कीं
दिल्ली होटल अग्निकांड: पुलिस ने फरार ‘प्रबंधक' जय मिश्रा का पता लगाने की कोशिशें तेज़ कीं
नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग के मामले में फरार जय मिश्रा की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है। इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जांचकर्ताओं ने मिश्रा की तलाश तेज कर दी है। माना जा रहा है कि मिश्रा ने उस होटल के संचालन और प्रबंधन में मुख्य भूमिका निभाई थी, जहां बुधवार सुबह आग लगी थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मिश्रा का पता लगाने के लिए दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में विभिन्न स्थानों पर कई टीमें तैनात की गई हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘मिश्रा के ठिकाने का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और अन्य तरीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।’
जांच के हिस्से के रूप में, पुलिस होटल के उन कर्मचारियों की भी तलाश कर रही है जो घटना के समय वहां मौजूद थे या इस प्रतिष्ठान से जुड़े हुए थे।
उन्होंने कहा कि जांचकर्ताओं का उद्देश्य उनके बयान दर्ज करना है ताकि आग लगने से पहले की घटनाओं के क्रम का पता लगाया जा सके और होटल के संचालन के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
जांच में कई पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा नियमों का अनुपालन, इमारत का लेआउट, आपातकालीन निकास की व्यवस्था और वे परिस्थितियां शामिल हैं जिनके कारण मेहमान परिसर के अंदर फंस गए।
पुलिस होटल से जुड़े कई लोगों से पहले ही पूछताछ कर चुकी है और इससे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर चुकी है। जीवित बचे लोगों और चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
मालवीय नगर की एक तंग गली में स्थित होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


