दिल्ली: चलाकर देखने के बहाने मोटरसाइकिलें लेकर भागने वाला युवक गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: चलाकर देखने के बहाने मोटरसाइकिलें लेकर भागने वाला युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 07:54 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 07:54 PM IST

नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली में खुद को खरीदार के रूप में पेश करने के बाद चलाकर देखने के बहाने मोटरसाइकिलें लेकर भागने के आरोपी 29 वर्षीय जालसाज को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी पुनीत सतीजा के रूप में हुई है, जिसे हाल ही में एक शोरूम से हुई मोटरसाइकिल चोरी की जांच के बाद गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) शशांक जायसवाल ने एक बयान में कहा, ‘रॉयल एनफील्ड शोरूम के एक कर्मचारी की शिकायत के बाद 19 मार्च को मामला दर्ज किया गया था, जिसने आरोप लगाया था कि एक ग्राहक बाइक को चलाकर देखने के लिए ले गया और उसे वापस नहीं लौटाया।’

पुलिस ने आरोपी का पता भालस्वा डेयरी क्षेत्र में लगाया जहां से उसे 21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान, सतीजा ने दिल्ली-एनसीआर में एक ही तरीके से कई मोटरसाइकिलें चुराने की बात कबूल की। ​​डीसीपी ने बताया कि उसकी निशानदेही पर चोरी की छह महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के साथ ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी के कम से कम नौ मामले सुलझ गए हैं और आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष