दिल्ली: खुले नाले में लड़के के गिरने पर एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर को किया निलंबित

दिल्ली: खुले नाले में लड़के के गिरने पर एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर को किया निलंबित

दिल्ली: खुले नाले में लड़के के गिरने पर एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर को किया निलंबित
Modified Date: August 25, 2026 / 12:15 am IST
Published Date: August 25, 2026 12:15 am IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के जसोला गांव में 15 वर्षीय एक लड़के के खुले नाले में गिरने की घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

शनिवार सुबह से लापता आठवीं कक्षा के छात्र मिथुन का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी और गहरा दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि गुप्ता ने मुख्य सचिव को एक घंटे के भीतर संबंधित नाले के क्षेत्राधिकार की जानकारी देने और दोषी अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया था। अधिकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद हुई है।

दिल्ली दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों ने मिलकर उसकी तलाश के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया था, लेकिन लड़के का कोई सुराग नहीं मिला।

इस अभियान को शनिवार देर रात रोक दिया गया था और रविवार को इसे दोबारा शुरू किया गया, जिसके तहत इलाके में बचाव दल और गोताखोरों को तैनात किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि लड़का सुबह करीब 11 बजे एक पतंग पकड़ने के चक्कर में नाले में गिर गया।

इस हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए एमसीडी के दक्षिण पूर्व (मध्य) जोन ने कनिष्ठ अभियंता को तुरंत निलंबित कर दिया है। प्रशासन के मुताबिक, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

निलंबन की अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को अधिशासी अभियंता के कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला मिथुन का परिवार जसोला इलाके में रहता है और दिल्ली में मजदूरी करता है।

भाषा सुरेश आशीष

आशीष


लेखक के बारे में