दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे ‘नए भारत’ की रफ़्तार का उदाहरण : भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

Ads

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे 'नए भारत' की रफ़्तार का उदाहरण : भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ‘कनेक्टिविटी’ और अवसंरचना की सराहना की तथा इसे ‘‘नए भारत’’ की रफ़्तार, व्यापकता एवं महत्वाकांक्षा का एक शानदार उदाहरण बताया।

नवीन ने रविवार को दिल्ली से मेरठ तक सड़क मार्ग से यात्रा की। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जो सोमवार से शुरू हुआ।

वह इस दौरान संगठनात्मक बैठकें करेंगे और पार्टी नेताओं, निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे, क्योंकि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी तेज कर रही है।

नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा के समय में भारी कमी ने विकास के एक बड़े ‘विजन’ को हकीकत में बदल दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज दिल्ली से मेरठ सड़क मार्ग से यात्रा करते हुए, मैंने खुद अनुभव किया कि कैसे एक ‘विजन’ को हकीकत में बदला जा सकता है। जिस यात्रा में पहले तीन घंटे से ज़्यादा समय लगता था, उसे अब सिर्फ़ 45 मिनट में आसानी से पूरा किया जा सकता है।’’

नवीन ने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत निर्मित 14-लेन वाला एक्सप्रेसवे लाखों यात्रियों के दैनिक जीवन का अहम हिस्सा बन गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे लाखों यात्रियों के दैनिक जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है। भारतमाला परियोजना के तहत निर्मित इस एक्सप्रेसवे में भारत का पहला 14-लेन वाला खंड शामिल है और यह नए भारत के पैमाने, रफ़्तार और महत्वाकांक्षा का एक शानदार उदाहरण है।’’

बिहार के सड़क निर्माण मंत्री रह चुके नवीन ने अच्छी सड़क ‘कनेक्टिविटी’ के व्यापक असर को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने करीब से देखा है कि एक अच्छी सड़क सिर्फ़ नक्शे पर दो स्थानों को जोड़ने से कहीं ज़्यादा काम करती है। यह किसान को बाज़ार से, छात्र को स्कूल से और मरीज़ को समय पर अस्पताल से जोड़ती है।’’

नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा में 25 साल पूरे करने का भी उल्लेख किया और अवसंरचना में आए बदलाव को उनकी सोच से जोड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘एक ऐसा भारत जहां विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी के लंबे समय से देखे जा रहे सपने सच हो रहे हैं, और जहां आधुनिक अवसंरचना हमें विकसित भारत की ओर तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।’’

भाषा

नेत्रपाल प्रशांत

प्रशांत