दिल्ली में बृहस्पतिवार को करीब दो साल बाद जुलाई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया

Ads

दिल्ली में बृहस्पतिवार को करीब दो साल बाद जुलाई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 10:33 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली में भारी उमस और बारिश नहीं होने के कारण बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो करीब दो साल में जुलाई महीने का सबसे अधिक तापमान है।

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है।

यह जुलाई में 30 जुलाई, 2024 के बाद दर्ज किया गया सबसे अधिक अधिकतम तापमान है। उस दिन पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी दो जुलाई, 2024 के बाद सबसे अधिक रहा, जब यह 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि दिल्ली में बादल बनने के बावजूद बारिश नहीं हो रही है, क्योंकि बारिश शुरू कराने वाली कोई मजबूत मौसम प्रणाली विकसित नहीं हुई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि 16 से 19 जुलाई के बीच दिल्ली में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 20 से 22 जुलाई के बीच काफी अधिक या व्यापक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 176 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

भाषा प्रचेता जोहेब

जोहेब