दिल्ली: जीटीबी अस्पताल में पंखा गिरने से मरीज की मौत, परिवार ने की जांच की मांग

दिल्ली: जीटीबी अस्पताल में पंखा गिरने से मरीज की मौत, परिवार ने की जांच की मांग

दिल्ली: जीटीबी अस्पताल में पंखा गिरने से मरीज की मौत, परिवार ने की जांच की मांग
Modified Date: July 19, 2026 / 09:21 pm IST
Published Date: July 19, 2026 9:21 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में कथित रूप से छत का पंखा 42 वर्षीय एक मरीज पर गिर गया, जिसके तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों ने घटना की जांच की मांग की।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पंखे की मरम्मत की।

उन्होंने यह भी कहा कि एक पुरुष नर्स घायल हुआ, जिसे चिकित्सा सहायता दी गई।

हालांकि, उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी आधिकारिक रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही सामने आएगी।

सूत्रों के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे आपातकालीन वार्ड-27 में हुई, जहां मोहम्मद अकबर पिछले चार-पांच दिन से भर्ती थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छत का पंखा अचानक गिरकर अकबर के पेट पर लगा, जिसके तुरंत बाद अस्पताल कर्मी उनके पास पहुंचे।

सूत्रों ने बताया कि 18 जुलाई को अस्पताल में भर्ती हुए अकबर उच्च रक्तचाप, ‘मेनिंगोएन्सेफलाइटिस’ और ‘एस्पिरेशन निमोनिया’ समेत कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।

शनिवार रात करीब 12:16 बजे, यानी घटना के लगभग तीन घंटे बाद उनकी मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार, मृत्यु प्रमाणपत्र में उनकी मौत का कारण पहले से मौजूद गंभीर बीमारियों को बताया गया है।

रविवार सुबह अकबर के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना की गहन जांच की मांग की। उनका आरोप है कि घटना रखरखाव और मरीजों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही को दिखाती है।

प्रत्यक्षदर्शियों और वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों के परिजनों ने भी आरोप लगाया कि पंखा अचानक टूटकर अकबर पर गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई।

वार्ड में मौजूद कई लोगों ने दावा किया कि वहां लगे कई एयर कंडीशनर या तो खराब हैं या उनके कुछ हिस्से गायब हैं, जिसकी वजह से पंखों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में