दिल्ली पुलिस ने नंदू गिरोह से जुड़े शार्पशूटर, हथियार मुहैया कराने वाले बदमाश को किया गिरफ्तार

Ads

दिल्ली पुलिस ने नंदू गिरोह से जुड़े शार्पशूटर, हथियार मुहैया कराने वाले बदमाश को किया गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 04:53 PM IST

नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह से जुड़े एक शार्पशूटर और हथियार मुहैया कराने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार करके उनके पास से दो देसी पिस्तौल व पांच कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी एवं महेंद्रगढ़ (हरियाणा) निवासी सुमित पूनिया (25) को द्वारका से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक देसी अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि सुमित 2021 की एक मुठभेड़ के मामले में फरार था। अधिकारी ने बताया कि उक्तर मामला विशेष प्रकोष्ठ द्वारा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि सुमित का संबंध नंदू गिरोह से था और वह कथित रूप से एक शार्पशूटर के रूप में काम करता था।

अधिकारी ने बताया कि सुमित की निशानदेही पर गिरोह के लिए हथियार मुहैया कराने वाले कथित बदमाश बदर इस्लाम (32) को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि बदर के कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी व्यक्ति उस नेटवर्क का हिस्सा थे जो गिरोह के सदस्यों को अवैध हथियार उपलब्ध कराता था।

जांचकर्ताओं ने बताया कि सुमित 2020-21 के आसपास गिरोह में शामिल हुआ था और वह छोटी उम्र से ही गैंगस्टर कपिल सांगवान को जानता था, क्योंकि दोनों पड़ोसी गांवों के रहने वाले हैं।

हरियाणा में एक शस्त्र मामले में पूर्व में गिरफ्तार हो चुका सुमित दिल्ली और हरियाणा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है।

पुलिस के अनुसार, अवैध हथियार मुहैया कराने वाला बदर इस्लाम के खिलाफ उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ अपराध शाखा थाने में शस्त्र अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

भाषा खारी अमित

अमित