दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में बिहार से व्यक्ति को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में बिहार से व्यक्ति को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 09:31 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 09:31 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘एपीके’ आधारित बैंकिंग साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में शामिल आरोपी को बिहार के औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शशिकांत कुमार के रूप में हुई है और उसे औरंगाबाद के मदनपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से तीन अनधिकृत लेन-देन होने की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने न तो ये लेनदेन किए थे और न ही उन्हें अधिकृत किया था तथा उसने अपने बैंक संबंधी विवरण भी किसी के साथ साझा नहीं किए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने ‘आईपी लॉग’, फोन करने संबंधी जानकारी, बैंक खातों का विवरण, लेनदेन के तौर-तरीकों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि पीड़ित के मोबाइल फोन पर कथित तौर पर एक एपीके फाइल भेजी गई थी और उसे उसके मोबाइल फोन में इंस्टॉल किया गया था, जिसके बाद अनधिकृत लेनदेन किए गए।

पुलिस के अनुसार, कुमार कथित तौर पर उस साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क का हिस्सा था, जो पीड़ितों को एपीके फाइल भेजता था और ठगी की रकम को विभिन्न ‘म्यूल खाते’ के जरिए स्थानांतरित करता था।

‘म्यूल अकाउंट’ ऐसे बैंक खाते को कहा जाता है, जिसका इस्तेमाल साइबर ठग या अपराधी ठगी से हासिल किए गए पैसे को जमा करने और आगे भेजने के लिए करते हैं।

पुलिस ने बताया कि ये खाते ग्रामीणों से गैस कनेक्शन और अन्य लाभ दिलाने के बहाने कथित तौर पर हासिल किए गए थे। कुमार ठगी की रकम का प्रबंधन करता था, जिसमें से अपना कमीशन रखने के बाद बाकी रकम अपने सहयोगियों को स्थानांतरित कर देता था।

उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप