दिल्ली पुलिस ने शार्पशूटर बॉबी कबूतर और लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने शार्पशूटर बॉबी कबूतर और लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - February 19, 2026 / 06:17 PM IST,
    Updated On - February 19, 2026 / 06:17 PM IST

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने शार्पशूटर बॉबी कबूतर को गिरफ्तार किया है, जो पिछले साल उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो भाइयों के कत्ल सहित हत्या के कई मामलों में वांछित था। उसके साथ एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है जिसका लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित तौर पर संबंध है।

विशेष प्रकोष्ठ के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि महिला को कथित शार्पशूटर महफूज अली (45) उर्फ बॉबी कबूतर के साथ दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गतिविधियों के बारे में मिली सूचनाओं के आधार पर गिरफ्तारियां की गईं।

सूत्रों ने बताया, ‘‘महिपालपुर इलाके में जाल बिछाया गया और मंगलवार आधी रात को जिस एसयूवी में वे यात्रा कर रहे थे, उसे रोक लिया गया। अभियान के दौरान हथियार बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’

महिला के पास कथित तौर पर मादक पदार्थ भी बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि उससे गिरोह के मादक पदार्थों के संदिग्ध नेटवर्क और गिरोह की गतिविधियों में उसकी भूमिका के बारे में पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि वह गिरोह का हिस्सा है और गिरफ्तारी से पहले कुछ समय से उसपर नजर रखी जा रही थी।

पुलिस ने बताया कि वह खुद को एक मेकअप आर्टिस्ट के रूप में पेश करती थी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जिससे जांचकर्ताओं को संदेह हुआ कि वह गिरोह की गतिविधियों में शामिल रहते हुए उस पार्लर का इस्तेमाल एक दिखावे के रूप में कर रही थी।

सूत्र ने बताया, ‘इस गिरोह में उसकी सटीक भूमिका का पता लगाया जा रहा है। इसी अभियान में कबूतर को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कई आपराधिक मामलों में वांछित था, जिनमें हत्या के कम से कम छह मामले शामिल हैं। उससे जुड़े प्रमुख मामलों में 16 दिसंबर, 2025 को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में दो भाइयों -फजील और नदीम- की हत्या का मामला शामिल है।’

जांचकर्ताओं के अनुसार, जाफराबाद थाना क्षेत्र की घटना में स्कूटर पर सवार पीड़ितों पर 48 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से लगभग 35 गोलियां उन्हें लगीं। एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस सूत्रों का यह भी दावा है कि पंजाबी गायक-रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में भी कबूतर वांछित है। उसपर हत्या से कुछ दिन पहले गायक की गतिविधियों की रेकी करने का संदेह है।

जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि क्या इस मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार उसके और उसके साथियों के माध्यम से भेजे गए थे।

कबूतर पर ग्रेटर कैलाश इलाके में सितंबर 2024 में जिम मालिक नादिर शाह की हत्या से जुड़े होने का भी संदेह है। पुलिस का मानना है कि उसने उस मामले में हमलावरों को साजो-समान संबंधी सहायता प्रदान की होगी।

सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों हत्याएं कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर की गई थीं, जिसमें हाशिम बाबा गिरोह की भी गहरी संलिप्तता बताई जा रही है। कबूतर लगभग एक दशक से दिल्ली पुलिस की वांछित सूची में था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।

भाषा नोमान सुरेश

सुरेश