नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) दिल्ली में शाहदरा जिला पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र और मार्कशीट तैयार करने और उन्हें बेचने वाले एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान नवनीत त्यागी(53), उसके सहयोगी सबाब आलम (41) और फरीद अहमद सैफी (49) के तौर पर हुई है और उनके पास से जाली शैक्षिक दस्तावेज तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया गया एक लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि फर्जी प्रमाण पत्रों को बेचने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 12वीं कक्षा की मार्कशीट बनाने के लिए अपने एक कर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर उसका विवरण और दस्तावेज संदिग्धों को भेजे।
उनके मुताबिक, टीम ने जीटी रोड स्थित पर एक स्थान पर छापेमारी कर नवनीत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस को उसके पास से 10वीं और 12वीं कक्षा की दो फर्जी मार्कशीट बरामद हुईं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी त्यागी से पूछताछ के दौरान उसके सहयोगियों सबाब आलम और फरीद अहमद सैफी की संलिप्तता सामने आई और उसके खुलासे पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
डीसीपी के मुताबिक, आगे की जांच में पता चला कि आरोपी ‘ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान’ के समाप्त हो चुके पंजीकरण का दुरुपयोग कर रहे थे और वे पांच से 10 हजार रुपये में करीब 100-150 10वीं व 12वीं कक्षा के फर्जी प्रमाण पत्र और मार्कशीट बेच चुके हैं।
इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश