नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर से पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश तक चोरी के मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार कर चोरी और झपटमारी के 163 उपकरण बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान अब्दुल शमीम (23) और अहिदुज्जमां (35) के रूप में हुई है, दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी हैं। उन्हें सूचना मिलने के बाद ओखला विहार इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को 19 मई को सूचना मिली थी कि दो आरोपी दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अपराधियों से चोरी किए गए, छीने गए और लूटे गए मोबाइल फोन खरीदते थे और उन्हें पश्चिम बंगाल के रास्ते कूरियर के जरिए बांग्लादेश भेजते थे।
पुलिस दल ने ओखला विहार में छापा मारा और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान, उनके पास से दिल्ली में दर्ज विभिन्न ई- प्राथमिकी से जुड़े पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए।
लंबी पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उन्होंने हाल में कूरियर सेवाओं का उपयोग करके चोरी के मोबाइल फोन की एक बड़ी खेप पश्चिम बंगाल में भेजी थी।
पुलिस ने बताया कि टीम ने तुरंत कूरियर सेवा प्रदाता से संपर्क किया और हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक गोदाम में रखे संदिग्ध माल का पता लगाया और चोरी के 158 मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान चोरी, छीने और लूटे गए कुल 163 मोबाइल फोन, कूरियर खेप, पैकेजिंग सामग्री, कूरियर स्लिप और चालान जब्त किए गए।
जांचकर्ताओं ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अपराधियों से चोरी किए गए मोबाइल फोन एकत्र करके और उन्हें कूरियर नेटवर्क के माध्यम से पश्चिम बंगाल पहुंचाता था, जहां से इन उपकरणों की कथित तौर पर बांग्लादेश में तस्करी की जाती थी।
दिल्ली-एनसीआर, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में इस गिरोह के संबंधों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप