नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शहर के उत्तर-पूर्वी इलाकों में नकली सीमेंट बनाने वाली दो अवैध इकाइयों का भंडाफोड़ कर, मामले में 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक सीमेंट कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत के बाद मंडोली औद्योगिक क्षेत्र और जवाहर नगर औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रात के समय नकली पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करके बड़े पैमाने पर नकली सीमेंट का उत्पादन किया जा रहा है।
आरोपी की पहचान रिजवान के रूप में हुई है, जो अवैध इकाइयों की कथित तौर पर देखरेख कर रहा था।
पुलिस के अनुसार,खराब सीमेंट में राख मिलाकर नकली सीमेंट तैयार किया जाता था और इसके बाद ब्रांडेड कंपनियों के नाम छपे बोरियों में भरकर बाजार में आपूर्ति की जाती थी।
अधिकारी ने कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2725 खाली बोरियां और नकली सीमेंट से भरी 341 बोरियां जब्त कीं। इन 341 बोरियों पर कंपनी का नाम फर्जी तरीके से लिखा हुआ था।
अधिकारी ने कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकली सीमेंट की 2,725 खाली बोरियां और कंपनी की ब्रांडिंग वाली नकली सीमेंट से भरी 341 बोरियां बरामद कीं।
पुलिस ने भारी मात्रा में मिलावटी सीमेंट, खराब सीमेंट की लगभग 1,780 बोरियां और नकली उत्पाद के निर्माण में कथित रूप से इस्तेमाल होने वाली राख से भरी 420 प्लास्टिक की बोरियां भी जब्त कीं।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज