दिल्ली में जोरदार बारिश, तुकमीरपुर में 24 घंटे में 160 मिमी बारिश दर्ज
दिल्ली में जोरदार बारिश, तुकमीरपुर में 24 घंटे में 160 मिमी बारिश दर्ज
(तस्वीरों के साथ जारी)
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई हिस्सों में जलभराव हो गया, पेड़ उखड़ गए और सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
आईएमडी ने बताया कि इस अवधि में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी स्थित तुकमीरपुर में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश हुई।
मयूर विहार में 103 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिमी, मेहरौली में 86 मिमी, पूसा और लोदी रोड स्वचालित मौसम केंद्र (एडब्ल्यूएस) में 83-83 मिमी, लोदी रोड में 80 मिमी, रिज में 78 मिमी और छतरपुर में 72 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा पालम और नारायणा में 63-63 मिमी, जनकपुरी में 62 मिमी, आयानगर में 57 मिमी, प्रगति मैदान में 50 मिमी, नजफगढ़ में 43 मिमी, मुंगेशपुर में 41 मिमी, झरोदा कलां में 33 मिमी और जाफरपुर में छह मिमी बारिश दर्ज की गई।
लगातार कई घंटे तक हुई बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया, पेड़ उखड़ गए और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
दिल्ली अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, इस्कॉन मंदिर के पास सड़क पर एक पेड़ गिर गया, जबकि दूसरा राष्ट्रीय हृदय संस्थान के बाहर गिरा।
विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका में जलभराव की सूचना मिली। वहीं, दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
जंगपुरा के कुछ हिस्सों में लोगों और वाहनों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालक जलमग्न सड़कों पर अपने वाहनों को धक्का देकर ले जाते दिखाई दिए।
कई यात्रियों और स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानी सोशल मीडिया पर साझा की।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की टीमें शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव से निपटने के लिए तैनात की गई हैं।
अधिकारियों ने दावा किया कि भारी बारिश के बावजूद शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर स्थिति ‘‘नियंत्रण में’’ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा मध्यम से भारी बारिश, बादल गरजने और बिजली चमकने का अनुमान जताया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश का कारण कम दबाव के क्षेत्र का मध्य भारत से उत्तर की ओर खिसककर हिमालय की तराई की ओर पहुंचना है।
उन्होंने कहा कि जब तक यह प्रणाली और उत्तर की ओर नहीं बढ़ती, तब तक दिल्ली में व्यापक स्तर पर बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके बाद शहर में अपेक्षाकृत शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


