दिल्ली में शनिवार की सुबह इस मौसम में सबसे सर्द, न्यूनतम तापमान रहा 3.6 डिग्री

Ads

दिल्ली में शनिवार की सुबह इस मौसम में सबसे सर्द, न्यूनतम तापमान रहा 3.6 डिग्री

  •  
  • Publish Date - January 13, 2024 / 08:19 PM IST,
    Updated On - January 13, 2024 / 08:19 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान रहा। राजधानी के कई इलाकों में घना कोहरा भी छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

विभाग ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

विभाग ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में सुबह 5:30 बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गयी ।

रेलवे के मुताबिक, घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चलीं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 399 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।

शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

आईएमडी ने बताया कि सापेक्ष आर्द्रता 91 से 79 प्रतिशत के बीच रही।

आईएमडी ने रविवार को शीत लहर का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताया। दिल्ली में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 19 और चार डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन