दिल्ली: भूखंड में भरे बारिश के पानी में डूबने से सात-वर्षीय बच्चे की मौत
दिल्ली: भूखंड में भरे बारिश के पानी में डूबने से सात-वर्षीय बच्चे की मौत
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में स्थित एक खाली भूखंड में भरे बारिश के पानी में डूबने से बृहस्पतिवार सुबह सात-वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, संजय कॉलोनी का रहने वाला और तीसरी कक्षा का छात्र रेहान सुबह करीब 8.30 बजे अपने पांच साल के भाई के साथ शौच के लिए घर से निकला था, तभी वह इस भूखंड में भरे पानी में डूब गया।
पुलिस के मुताबिक, पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण भूखंड में भारी मात्रा में पानी जमा हो गया था। बच्चा भूखंड के उस हिस्से में चला गया जहां पानी ज्यादा था और वह डूब गया।
रेहान की मां ने बताया कि उनका छोटा बेटा तो घर लौट आया, लेकिन बड़ा बेटा नहीं लौटा। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो चिंतित परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचित किया।
मां ने रोते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘मेरा बेटा सुबह शौच के लिए बाहर गया था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो हमने अपने रिश्तेदारों को सूचित किया और उसकी तलाश शुरू की।’
उन्होंने बताया कि परिवार को बाद में रेहान की बोतल घटना स्थल के पास मिली।
शोक संतप्त मां ने कहा, ‘जब हमने पत्थर की बाड़ पर बोतल पड़ी देखी, तो हमें किसी अनहोनी की आशंका हुई। मेरे देवर और परिवार के अन्य सदस्यों ने पानी में तलाश की। भूखंड बारिश के पानी से भरा हुआ था और मेरा बेटा भूखंड के भीतर एक गड्ढे में मिला। अगर यह पानी से भरा न होता, तो मेरा बेटा आज जिंदा होता।’
परिवार की पीड़ा को दोहराते हुए रेहान की रिश्तेदार ने कहा कि यह घटना लापरवाही का नतीजा है।
उन्होंने कहा, ‘वह सिर्फ एक बच्चा था। किसी ने नहीं सोचा था कि खाली भूखंड में जमा बारिश का पानी मौत का जाल बन जाएगा। हमने उसे खो दिया, क्योंकि उस जगह को ऐसे ही लावारिस छोड़ दिया गया था।’
पुलिस के अनुसार, परिवार ने करीब दो घंटे तक बच्चे की तलाश की। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पानी में तलाश की और बच्चे को बाहर निकाला। उसे तुरंत बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
समयपुर बादली थाने के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया है।
हालांकि, उन्होंने किसी भी साजिश से इनकार करते हुए कहा कि यह घटना दुर्घटनावश डूबने का मामला प्रतीत होती है।
यह घटना पिछले दो दिनों में दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हुई व्यापक बारिश के बाद हुई है, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


