नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि दिल्ली को पारगमन केंद्र के बजाय एक पर्यटन स्थल के रूप में देखा जाना चाहिए।
पर्यटन हितधारकों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी होने के नाते दिल्ली की अपनी अनूठी विशेषताएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम पर्यटन क्षेत्र में दिल्ली की सकारात्मक छवि को फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पर्यटक इस शहर को केवल एक पारगमन बिंदु के रूप में नहीं बल्कि एक गंतव्य के रूप में देखें और इसकी अनूठी विशेषताओं का आनंद लें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में कई ऐतिहासिक स्मारक और आकर्षण के केंद्र हैं जिन्हें पर्यटक देखना चाहते हैं। लोग संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और कई अन्य स्थानों को देखना चाहते हैं।’’
गुप्ता ने कहा कि पिछले एक साल में दिल्ली सरकार ने पर्यटन तंत्र को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिनमें दिल्ली फिल्म महोत्सव, दिल्ली पर्यटन बोर्ड का विकास और प्रमुख स्थानों पर एक मजबूत सूचना प्रणाली का कार्यान्वयन शामिल है।
सम्मेलन में उपस्थित पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार दिल्ली में फिल्म शूटिंग के लिए एकल-खिड़की मंजूरी देने की योजना बना रही है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल