दिल्ली एसआईआर: मतदाता पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष शिविर आयोजित किए

Ads

दिल्ली एसआईआर: मतदाता पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष शिविर आयोजित किए

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 12:26 AM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 12:26 AM IST

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की सुविधा के लिए रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के पंजीकरण की सुविधा के लिए आयोग 29 और 30 सितंबर को कॉलेज, विश्वविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविरों का एक और दौर आयोजित करेगा। यह कदम निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समयसीमा एक महीने बढ़ाए जाने के एक दिन बाद उठाया गया है।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने एक बयान में कहा कि ये शिविर पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और अन्य चुनावी सेवाओं का लाभ उठाने में मदद के लिए आयोजित किए गए।

निर्वाचन आयोग ने यह भी कहा कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं को असंबद्ध रिकॉर्ड या तार्किक विसंगतियों को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं, उनके घरों पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) जाएंगे, जरूरी दस्तावेज एकत्र करेंगे और उन्हें ईसीआईएनईटी पर अपलोड करेंगे ताकि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) उन पर विचार कर सकें।

बयान के अनुसार, दिल्ली निर्वाचन आयोग ने अब तक तार्किक विसंगतियों से जुड़े नोटिस वाले मामलों में 2,98,431 सुनवाई की है। मसौदा मतदाता सूची में करीब 33.13 लाख मतदाताओं को ऐसे नोटिस जारी किए गए हैं।

भाषा अमित

अमित