दिल्ली: युवक की चाकू मारकर हत्या के आरोप में छह नाबालिग पकड़े गए

दिल्ली: युवक की चाकू मारकर हत्या के आरोप में छह नाबालिग पकड़े गए

दिल्ली: युवक की चाकू मारकर हत्या के आरोप में छह नाबालिग पकड़े गए
Modified Date: April 19, 2026 / 06:03 pm IST
Published Date: April 19, 2026 6:03 pm IST

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके समयपुर बादली में 19 वर्षीय एक युवक की हत्या के आरोप में छह नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और स्थानीय जानकारी जुटाने के बाद शनिवार को आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि यह हत्या 14 अप्रैल की शाम को एमसीडी कॉलोनी इलाके में हुई, जब राजीव नामक युवक पर हमला किया गया।

पुलिस ने बताया कि समयपुर बादली थाने में शाम लगभग 7.44 बजे चाकूबाजी की घटना की सूचना पुलिस को मिली। टेम्पो चालक राजीव को शालीमार बाग स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विवाद 13 अप्रैल को शुरू हुआ, जब स्थानीय लोगों का एक समूह पीड़ित के आवास के पास इकट्ठा हुआ, जिसके परिणामस्वरूप तीखी बहस हुई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘अगली शाम को उस समय टकराव और बढ़ गया जब समूह वापस आया और राजीव पर चाकू से हमला कर दिया।’’

समयपुर बादली थाने में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने छह नाबालिगों को पकड़ा जिनमें से 15 वर्षीय नाबालिग ने कथित तौर पर जानलेवा चोट पहुंचाई थी। अन्य नाबालिगों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है।

पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान की गई अपमानजनक टिप्पणियों के कारण ही जवाबी हमला हुआ।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य की पहचान और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में