दिल्ली : स्वरूप नगर में हत्या की कोशिश करने के आरोप में तीन नाबालिग पकड़े गए
दिल्ली : स्वरूप नगर में हत्या की कोशिश करने के आरोप में तीन नाबालिग पकड़े गए
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर में हत्या के प्रयास के एक मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की उम्र 15 से 16 साल के बीच है और सभी दिल्ली के निवासी हैं। उन्हें बृहस्पतिवार को रोहिणी सेक्टर 18 मेट्रो के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, छह मई को हुई वारदात की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। घटना में एक व्यक्ति को चाकू घोंपकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘सूचना के आधार पर, एक टीम ने मेट्रो स्टेशन के पास जाल बिछाया और तीन नाबालिगों को उस समय पकड़ा जब वे कथित तौर पर एक साथी से मिलने जा रहे थे।’’
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान, एक नाबालिग से खून से सना हुआ चाकू बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हमले में किया गया था।
पूछताछ के दौरान, नाबालिगों ने खुलासा किया कि यह हमला पीड़ित और उनके एक साथी के बीच पुरानी दुश्मनी का नतीजा था, जो लगभग 11 महीने पहले एक झगड़े के बाद शुरू हुई थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों समूहों के बीच बार-बार झड़पें हुई थीं, लेकिन घटना से कुछ दिन पहले तनाव फिर से बढ़ गया था।
पुलिस ने बताया कि छह मई को, तीनों नाबालिगों ने पीड़ित अफरीदी की कथित तौर पर तलाश की और स्वरूप नगर में एक दुकान के पास उसे अकेला पाकर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज

Facebook


