दिल्ली : एटीएम मशीन में गड़बड़ी कर पैसे चुराने वाले दो लोग गिरफ्तार
दिल्ली : एटीएम मशीन में गड़बड़ी कर पैसे चुराने वाले दो लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रबड़ बैंड के जरिये एटीएम मशीन में कथित रूप से गड़बड़ी कर ग्राहकों की रकम अटकाने तथा बाद में उसे निकाल लेने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा कि आरोपियों की पहचान अमन (22) और सूरज सिंह (28) के तौर पर हुई है तथा उनके पास से एक देसी कट्टा, पांच कारतूस एवं एक बाइक बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी पहले एटीएम मशीनों के रखरखाव करने वाली कंपनी में काम करते थे और उन्हें मशीनों के संचालन और इनकी खामियों के बारे में जानकारी थी।
सिंह के मुताबिक, आरोपियों ने अपने एक सहयोगी से एटीएम मशीन की चाबियां लीं, जिससे वह मशीन को खोलते और इसकी प्लेटों में रबड़ बैंड फंसा देते। उन्होंने कहा कि जब ग्राहक पैसे निकालने के लिए विवरण डालता तो मशीन रकम निकालना शुरू कर देती, लेकिन नकदी एक स्तर पर आकर रुक जाती। अधिकारी ने कहा कि हालांकि ग्राहक को बैंक से पैसे कटने का संदेश मिल जाता।
डीसीपी ने कहा कि इसके बाद जब ग्राहक चले जाते तो वे चाबियों से एटीएम खोलकर पैसे निकाल लेते।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने गुरुग्राम के सेक्टर 4-5, कापसहेड़ा और दिल्ली के अन्य इलाकों में एटीएम में हुई इस तरह की 19-20 घटनाओं में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से देसी कट्टा और कारतूस मिलने के मामले में 16 सितंबर को शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के तहत गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाने में भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
अधिकारी ने कहा कि उनका एक सहयोगी फिलहाल फरार है और उसने ही उन्हें देसी कट्टा दिया था तथा पकड़े जाने पर हथियार दिखाकर भागने को कहा था।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


