हिंदू कॉलेज की छात्रा के उत्पीड़न के मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय के तीन छात्र निलंबित

Ads

हिंदू कॉलेज की छात्रा के उत्पीड़न के मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय के तीन छात्र निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 05:41 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हिंदू कॉलेज की एक स्नातकोत्तर छात्रा के कथित उत्पीड़न के मामले में तीन छात्रों को तत्काल प्रभाव से उनके संबंधित पाठ्यक्रमों से निलंबित कर दिया है। विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि ये तीनों छात्र विधि केंद्र-दो में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इनको उन आरोपों के बाद निलंबित किया गया है जिनमें कहा गया था कि कुछ लोगों के एक समूह ने कार से हिंदू कॉलेज की एक छात्रा और उसकी दोस्त का मुखर्जी नगर इलाके में कथित रूप से पीछा किया और उन्हें वाहन में खींचने की कोशिश की।

अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई 23 सितंबर को रात करीब साढ़े नौ बजे हुई घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है।

अधिकारी ने कहा, ‘तेइस सितंबर 2026 की शाम हुई घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर यह सूचित किया जाता है कि तीन छात्रों को उनके पाठ्यक्रमों से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।’

प्रथम वर्ष की परास्नातक छात्रा ने आरोप लगाया था कि वह और उसकी दोस्त पैदल जा रही थीं, तभी एक सफेद रंग की कार उनके पास आई और उसमें सवार लोगों ने कथित रूप से उन पर फिकरेबाजी की। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा था कि जब दोनों महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनका पीछा किया।

उसने आगे आरोप लगाया था कि जब उन्होंने घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की तो आरोपियों ने भी अपनी कार रोक दी और उन्हें वाहन में खींचने की कोशिश की। उसने दावा किया था कि उसकी दोस्त द्वारा कार की रिकॉर्डिंग शुरू करने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।

पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल कार का पता लगा लिया गया है और उसके चालक की पहचान दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय उसके साथ कथित तौर पर दो से तीन अन्य लोग भी मौजूद थे।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश