बारासात (पश्चिम बंगाल), 28 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व विधायक विश्वजीत दास को उत्तर 24 परगना जिले में उनकी कार से कथित तौर पर अवैध हथियार बरामद होने के बाद सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक सूचना के आधार पर गोपालनगर बाजार इलाके में दास की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कथित तौर पर हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने कार से बरामद किए गए कथित हथियार का विवरण साझा नहीं किया है।
दास 2011 और 2016 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर बनगांव उत्तर विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर बगदाह सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, लेकिन चुनाव के बाद फिर तृणमूल कांग्रेस में लौट आए।
तृणमूल ने 2024 में दास को अपने बनगांव संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया। बाद में उन्होंने तृणमूल के टिकट पर बनगांव से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए विधायक पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
तृणमूल ने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें बनगांव उत्तर सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन भाजपा के अशोक कीर्तनिया से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में तृणमूल कांग्रेस में विभाजन के बीच दास ने पार्टी के बागी खेमे का साथ दिया।
उनकी गिरफ्तारी पर हाबड़ा से भाजपा विधायक देबदास मंडल ने कहा कि दास को पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था।
बनगांव नगरपालिका के एक पूर्व पार्षद ने आरोप लगाया कि विधायक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान दास ने कई लोगों को ‘‘परेशान’’ किया था। उन्होंने दास पर ‘‘बम और बंदूक की राजनीति’’ में शामिल होने का भी आरोप लगाया।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश