दिल्ली : घर में आग लगने से एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों की मौत
दिल्ली : घर में आग लगने से एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों की मौत
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) दिल्ली में लोधी रोड स्थित बीके दत्त कॉलोनी के एक घर में मंगलवार को आग लगने से एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों की मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि घर में आग लगने की सूचना सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि आग घर की तीसरी मंजिल पर लगी थी और वहां से दो बच्चियों और एक महिला के शव बरामद हुए हैं। अधिकारी ने बताया की सुबह 11:10 बजे तक आग को बुझा दिया गया।
वहीं, पुलिस ने कहा कि लोधी कॉलोनी थाने में सुबह 10:26 बजे एक घर में आग लगने की सूचना मिली।
पुलिस और अग्निशमन सेवाओं ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और अग्निशमन वाहनों की सहायता से आग पर काबू पा लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घर के अंदर तीन लोग मृत पाए गए और मृतकों की पहचान आकांशा शर्मा (40), 12 वर्षीय आराध्या (मित्ज़ी) और आठ वर्षीय मिहिका (रित्ज़ी) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने कहा कि आकांशा शर्मा का 2020 से मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति का इलाज चल रहा था और घटना के समय, उनके पति मोहित शर्मा तथा परिवार के अन्य सदस्य दूसरी मंजिल पर मौजूद थे।
अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल किसी गड़बड़ी का कोई संकेत सामने नहीं आया है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने कहा कि आग लगने के सटीक कारण की जांच की जा रही है। परिवार को स्थानीय अधिकारियों ने सहायता की पेशकश की है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


