नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर एक एसयूवी के एक खड़े ट्रक से टकराने से 23 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में सोमवार को तड़के 3.48 बजे पीसीआर पर जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कहा कि तीनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य दो का इलाज किया जा रहा है।
घायलों में से एक 47 वर्षीय पैदल यात्री था जबकि अन्य दो कार में सवार थे।
पुलिस ने बताया कि द्वारका सेक्टर 15 की निवासी यह महिला गुरुग्राम स्थित अपने कार्यालय से घर लौट रही थी।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि टायर फटने के बाद ट्रक को फ्लाईओवर पर खड़ा किया गया था। पुलिस के मुताबिक, काले रंग की एसयूवी कथित तौर पर खड़े वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि बिहार के दरभंगा निवासी ट्रक चालक प्रकाश कुमार (29) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश