शिमला, 17 जुलाई (भाषा) बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार सेब के मौसम के लिए पूरी तरह तैयार है और छोटे उत्पादकों और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं।
नेगी ने कहा कि सेब के मौसम की तैयारी के लिए कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और उन्होंने किसानों से उत्पादकों की सुविधा के लिए शुरू किए गए एक विशेष मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करने का आग्रह किया है।
मंत्री ने कहा कि बाजार हस्तक्षेप योजना (एमआईएस) के तहत सेब खरीद के संबंध में जानकारी विशेष मोबाइल ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बयान में कहा, सेब उत्पादकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री के स्तर पर हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पादन विपणन और प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) की दो महत्वपूर्ण बैठकें हुई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना शुरू कर दी गई है और अब तक लगभग 14 करोड़ रुपये मूल्य के कृषि एवं बागवानी आदान वितरित किए जा चुके हैं।
सेब खरीद के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने खरीद को केवल 30 बैग तक सीमित करने के कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं।
अतिरिक्त टेप लगाकर ‘यूनिवर्सल डिब्बों’ का वजन बढ़ाने की शिकायतों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया और कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाषा राजेश
राजेश योगेश रमण
रमण