नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्लीवासियों को शुक्रवार को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा और पिछले 24 घंटों में शहर में 4.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे से शुक्रवार सुबह 8.30 बजे के बीच पीतमपुरा में 42.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि आया नगर में (13.3 मिमी), पालम में (4.8 मिमी) और शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में 4.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य है।
आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, सापेक्षिक आर्द्रता 76 और 86 प्रतिशत के बीच रही।
मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप