नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को आसमान आमतौर पर साफ रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने दिल्ली में रविवार को भी आसमान साफ रहने की संभावना जताई है।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.7 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शाम 5.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 57 प्रतिशत रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में शनिवार शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 131 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा
प्रीति प्रशांत
प्रशांत