नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मंगलवार को थोड़ा सुधार हुआ और वायु गुणवत्ता सूचकांक शाम चार बजे 294 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 305 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। शहर पर धुंध की एक पतली चादर छाई रही।
हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी के 38 निगरानी केंद्रों में से 16 ने शाम को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ दर्ज की, जबकि सुबह 27 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ दर्ज की गई।
सिरी फोर्ट 347 वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ सबसे प्रदूषित स्थान रहा, जबकि वजीरपुर 332 के साथ दूसरे स्थान पर रहा। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, सुबह सिरी फोर्ट में वायु गुणवत्ता सूचकांक 351 और वजीरपुर में 342 दर्ज किया गया।
दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने कहा कि शहर की वायु गुणवत्ता के 31 अक्टूबर तक ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है, जबकि अगले छह दिनों के लिए पूर्वानुमान ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ के बीच की स्थिति दर्शाते हैं।
सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 तक एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री कम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत दर्ज की गई।
आईएमडी ने बुधवार को हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया। न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 18 और 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश