नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में शुक्रवार को हुए विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुए इसे ‘बेहद शर्मनाक’ बताया और कहा कि जब भी देश अपनी क्षमता का प्रदर्शन करता है तो कांग्रेस बाधा बनकर खड़ी हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ आज भविष्य की दिशा तय कर रहा है, और कांग्रेस द्वारा किया गया ‘तमाशा बेहद शर्मनाक’ है।
भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के विरोध में शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक हॉल में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए।
युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर “इंडिया यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लिखे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘उन्हें तुरंत वहां से हटाकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’
गुप्ता ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, “ जब भी देश अपना सामर्थ्य दिखाता है या कोई बड़ा वैश्विक आयोजन होता है, कांग्रेस को जैसे मरोड़ उठने लगती है और वह बाधा बनकर खड़ी हो जाती है।”
उन्होंने कहा, “विदेशी मेहमानों के सामने आज जो हुड़दंग मचाया गया, वह भारत की साख बिगाड़ने का कांग्रेस द्वारा सुनियोजित षड्यंत्र है। राहुल गांधी का नकारात्मक नेतृत्व एक सोची समझी रणनीति के तहत देश की छवि धूमिल करने पर उतारू दिखाई देता है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कृत्य हर उस भारतीय को शर्मिंदा करने वाला है जो देश की प्रगति पर गर्व करता है।
गुप्ता ने कहा, “जनता देख रही है कि एक ओर भारत ‘टेक्नोलॉजी पावर हाउस’ बन रहा है, दूसरी ओर कांग्रेस केवल नकारात्मक राजनीति का स्मारक और सड़कछाप तमाशों की खबर बनकर रह गई है।”
भाषा नोमान
नोमान अविनाश
अविनाश