गंगटोक, 11 अप्रैल (भाषा) सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को उत्तरी सिक्किम के भूस्खलन प्रभावित तारामचू क्षेत्र का दौरा किया और क्षेत्र को शीघ्र खोलने के लिए बहाली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एक बयान से यह जानकारी प्राप्त हुई।
पांच अप्रैल को भारी बारिश और भूस्खलन के कारण तारामचू पुल के पास दरार पड़ने से चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर सड़क संपर्क बाधित हो गया।
सेना ने नौ अप्रैल को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), जिला प्रशासन और लाचेन ज़ुमसा के सहयोग से लाचेन से 1,321 फंसे हुए पर्यटकों को बचाया।
सीमा सड़क (पूर्वी) के अतिरिक्त महानिदेशक जितेंद्र प्रसाद ने जमीनी स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल पर तैनात बीआरओ कर्मियों से बातचीत की।
एक बयान में कहा गया है कि उन्होंने कर्मचारियों को मार्ग को शीघ्र खोलने के लिए काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
दौरे के दौरान, उन्होंने प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया और क्षेत्र में संपर्क बहाल करने और उसे मजबूत करने के लिए संगठन की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने कहा कि ऐसी सड़कें जीवनरेखा का काम करती हैं, जो अस्तित्व, विकास और सीमावर्ती समुदायों तथा देश के शेष भाग के बीच संपर्क बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश