तमिलनाडु में ‘आध्यात्मिक दमन’ कर रही द्रमुक सरकार : राज्यपाल रवि

तमिलनाडु में 'आध्यात्मिक दमन' कर रही द्रमुक सरकार : राज्यपाल रवि

तमिलनाडु में ‘आध्यात्मिक दमन’ कर रही द्रमुक सरकार : राज्यपाल रवि
Modified Date: January 22, 2024 / 12:29 pm IST
Published Date: January 22, 2024 12:29 pm IST

चेन्नई, 22 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने सोमवार को आरोप लगाया कि पूरा देश अयोध्या में राम लला के ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह का जश्न मना रहा है जबकि यहां राज्य सरकार के नियंत्रण में एक श्रीराम मंदिर के पुजारियों और कर्मचारियों को ‘दमन’ का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर प्राण प्रतिष्ठा संबंधी समारोहों के सार्वजनिक प्रसारण पर ‘प्रतिबंध’ लगाने का आरोप लगाया है। इसकी पृष्ठभूमि में रवि ने यहां एक मंदिर की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए भाजपा के आरोप का समर्थन किया।

राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”आज (सोमवार) सुबह मैंने चेन्नई के पश्चिम माम्बलम में स्थित श्री कोडंडारामस्वामी मंदिर में दर्शन किये और जन कल्याण के लिए प्रभु श्री राम से प्रार्थना की। यह मंदिर राज्य सरकार के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधीन है।”

उन्होंने आरोप लगाया, ”पुजारियों और मंदिर के कर्मचारियों के चेहरे पर भय और आशंकाओं के भाव स्पष्ट रूप से देखे जा सकते थे। देश के बाकी हिस्सों में जिस तरह का माहौल है, यह उससे ठीक विपरीत है। पूरे देश में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के जश्न का माहौल है जबकि मंदिर परिसर में दमन की भावना झलक रही थी।”

तमिलनाडु सरकार ने अयोध्या स्थित नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम के बाल स्वरूप के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में राज्य के मंदिरों में समारोह आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार करने के भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया।

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में