द्रमुक सरकार झूठे वादे कर जनता को ‘धोखा’ दे रही है: तमिलनाडु भाजपा प्रमुख

Ads

द्रमुक सरकार झूठे वादे कर जनता को ‘धोखा’ दे रही है: तमिलनाडु भाजपा प्रमुख

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 03:46 PM IST

कोयंबटूर (तमिलनाडु), 12 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख नैनार नागेंद्रन ने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर झूठे वादे कर जनता को ‘‘धोखा देने’’ का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी पौष्टिक भोजन योजना और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मुद्दे उठाएगी।

तमिलनाडु मध्याह्न भोजन और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संघ के सदस्यों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल का जिक्र करते हुए नागेंद्रन ने कहा कि उनकी दयनीय स्थिति दर्शाती है कि राज्य सरकार ने उन्हें निराश किया है। वेतन संशोधन, पेंशन वृद्धि, रिक्त पदों को भरने और पदोन्नति सहित 13-सूत्री मांगों को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

कार्यकर्ताओं की यह भी मांग है कि रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर सीधे संबंधित मध्याह्न भोजन केंद्रों को उपलब्ध कराए जाएं और मुख्यमंत्री जलपान योजना को गैर-सरकारी संगठनों के माध्यम से लागू करने के बजाय मध्याह्न भोजन केंद्रों के कर्मचारियों को हस्तांतरित किया जाए।

नागेंद्रन ने आज कोयंबटूर दक्षिण की विधायक और पार्टी की महिला मोर्चा अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन के साथ श्रमिकों की हड़ताल में हिस्सा लिया। उन्होंने भाजपा के समर्थन का आश्वासन दिया और कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनाने के बाद पार्टी उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कदम उठाएगी।

भाजपा अध्यक्ष ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘कई झूठे वादे करके 2021 में सत्ता में आई द्रमुक सरकार ने जनता को धोखा दिया है। इसने इन कार्यकर्ताओं को दिए गए किसी भी आश्वासन को पूरा नहीं किया है।’’

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार