तिरुवनंतपुरम, 21 अगस्त (भाषा) केरलम में आबकारी विभाग के अधिकारियों ने ‘सिंथेटिक’ मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में कोझिकोड की दो महिलाएं समते नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग ‘केबी कार्टेल’ नाम से गिरोह चला रहे थे और हर महीने पांच से 20 किलोग्राम एमडीएमए (मादक पदार्थ) राज्य में तस्करी करने की योजना बना रहे थे। मंत्री ने इसकी जानकारी दी।
आबकारी मंत्री एम लिजू ने बृहस्पतिवार रात फेसबुक पर एक पोस्ट में अधिकारियों को बधाई दी।
उन्होंने पोस्ट में कहा कि ये गिरफ्तारियां आबकारी विभाग के व्यापक मादक पदार्थ रोधी अभियान ‘मयंगिल्ला केरलम’ के हिस्से के रूप में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत की गईं।
उन्होंने कहा कि यह मामला तब शुरू हुआ जब थमारास्सेरी की 20 वर्षीय महिला और कोंडोट्टी के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से कोझिकोड में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओलावन्ना टोल प्लाजा के पास 3.5 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया था।
इन गिरफ्तारियों के बाद विस्तृत जांच के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया और मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए अंतरराज्यीय जांच शुरू की गई।
मंत्री ने कहा कि जांच के दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग ‘केबी कार्टेल’ के नाम से मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे और हर महीने पांच से 20 किलोग्राम एमडीएमए केरल में लाने की योजना बना रहे थे।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए कई लोग विभिन्न राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े दर्ज मामलों में वांछित थे।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन