जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में मादक पदार्थ तस्कर की 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क

Ads

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में मादक पदार्थ तस्कर की 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 06:04 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 06:04 PM IST

श्रीनगर, 10 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने स्वापक ओषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक मादक पदार्थ तस्कर की 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के प्रावधानों के तहत पंपोर के कदलबल निवासी एवं मादक पदार्थ तस्कर मंजीर मीर उर्फ ​​‘मैन टाइगर’ के दो मंजिला मकान को कुर्क किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है।’’

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में पंपोर थाना पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान इस संपत्ति की पहचान की गई थी। जांच में सामने आया कि इस संपत्ति का निर्माण मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई (ब्लैक मनी) से गैरकानूनी तरीके से किया गया था।

प्रवक्ता के मुताबिक, आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े कई अन्य अपराधों में शामिल है।

भाषा सुमित खारी

खारी