पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने इमरान की पार्टी को रैली की इजाजत देने से इनकार किया

Ads

पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने इमरान की पार्टी को रैली की इजाजत देने से इनकार किया

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 12:58 AM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 12:58 AM IST

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, 26 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को उनकी कैद के तीन वर्ष पूरे होने पर पांच अगस्त को लाहौर में रैली आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

पीटीआई ने शनिवार को घोषणा की कि वह रैली की अनुमति हासिल करने के लिए अदालत का रुख करेगी।

पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘लाहौर के उपायुक्त ने शांतिपूर्ण सभा आयोजित करने की हमारी अनुमति संबंधी अर्जी पर कोई जवाब नहीं दिया है। यह हमारी अर्जी को खारिज करने के समान है।’

राजा ने कहा कि पार्टी ने इमरान खान की गिरफ्तारी के तीन वर्ष पूरे होने पर पांच अगस्त को शांतिपूर्ण रैली आयोजित करने की अनुमति के लिए लाहौर के उपायुक्त को आवेदन दिया था।

उन्होंने कहा, ‘चूंकि सरकार हमें अनुमति देने के लिए तैयार नहीं है, इसलिए हम अदालत जाएंगे और पांच अगस्त को लाहौर में रैली आयोजित करेंगे।’

उन्होंने आरोप लगाया कि खान को कारावास में अकेले रखा गया है और उन्हें वकीलों तथा परिवार के सदस्यों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

खान की पार्टी ने कहा कि पांच अगस्त से विरोध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जो इमरान खान की रिहाई तक जारी रहेगा।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत