टीबी के खिलाफ शीघ्र निदान सबसे शक्तिशाली हथियार: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री

Ads

टीबी के खिलाफ शीघ्र निदान सबसे शक्तिशाली हथियार: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 10:32 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 10:32 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि तपेदिक (टीबी) के खिलाफ लड़ाई में बीमारी की ‘जल्द पहचान’ ही सबसे मजबूत हथियार है और सरकार इस बीमारी को खत्म करने के लिए सक्रिय एवं समुदाय-आधारित दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सिंह ने दक्षिण-पश्चिम जिले में राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल के चेस्ट क्लिनिक द्वारा विकास नगर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्थापित एक समर्पित ‘टीबी निदान एवं उपचार केंद्र’ का उद्घाटन करने के बाद यह यह टिप्पणी की।

यह पहल ‘टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0’ का हिस्सा है, जो राष्ट्रीय तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अनुरूप है। इसका लक्ष्य शीघ्र पहचान, व्यापक स्क्रीनिंग और संपूर्ण देखभाल के माध्यम से 2030 तक भारत को टीबी मुक्त बनाना है।

अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र एनएएटी परीक्षण सहित मुफ्त नैदानिक सेवाएं प्रदान करेगा और मरीजों के लिए सुलभ उपचार सुनिश्चित करेगा।

सिंह ने कहा, ‘टीबी के खिलाफ हमारी लड़ाई में समय पर पहचान सबसे बड़ा हथियार है। दिल्ली इस बीमारी को खत्म करने के लिए सक्रिय और जन-भागीदारी वाले दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध है।’

इस केंद्र के शुरुआत के अवसर पर वहां ‘आयुष्मान आरोग्य शिविर’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों की जांच की गई।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश