निर्वाचन आयोग ने एनआईए से कहा: बंगाल में देसी बमों का उपयोग रोका जाए
निर्वाचन आयोग ने एनआईए से कहा: बंगाल में देसी बमों का उपयोग रोका जाए
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि शरारती तत्व मतदान में बाधा डालने और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए बमों का इस्तेमाल न कर पाएं।
आयोग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह निर्देश चुनावी राज्य में देसी बमों की बरामदगी और एक हल्के विस्फोट की रिपोर्ट के बाद आया है।
राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान बुधवार को होगा।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि आयोग पश्चिम बंगाल में मतदान के दिन या चुनाव के बाद की हिंसा को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रहा है।
निर्वाचन आयोग का यह निर्देश तब आया जब पुलिस ने 26 अप्रैल को दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ में एक व्यक्ति के घर से बड़ी संख्या में देसी बम बरामद किए, जो बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का कथित कार्यकर्ता है। यह घटना राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से कुछ दिन पहले हुई।
बाद में केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने राज्य में 79 देसी बमों की बरामदगी की जांच के लिए एक मामला दर्ज किया।
एनआईए के प्रवक्ता ने बीते रविवार को कहा था कि गृह मंत्रालय के आदेश का अनुपालन करते हुए आतंकवाद रोधी एजेंसी ने आज एक मामला दर्ज किया, जो मूल रूप से शनिवार को कोलकाता के भांगड़ संभाग के उत्तर काशी पुलिस थाना में दर्ज किया गया था, और जांच शुरू कर दी है।
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश

Facebook


