ईडी ने 376 करोड़ रुपये के बैंक ‘धोखाधड़ी’ मामले में टेक्सास का एक मकान कुर्क किया

Ads

ईडी ने 376 करोड़ रुपये के बैंक ‘धोखाधड़ी’ मामले में टेक्सास का एक मकान कुर्क किया

  •  
  • Publish Date - July 7, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - July 7, 2026 / 10:22 PM IST

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 376 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में एसी के कलपुर्जे बनाने वाली नोएडा की एक कंपनी और उसके प्रवर्तकों की 112.90 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं, जिनमें अमेरिका के टेक्सास स्थित एक आवासीय संपत्ति भी शामिल है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, टेक्सास में कुर्क किए गए मकान का मालिकाना हक संयुक्त रूप से लील इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के मुख्य प्रवर्तक भरत राज पुंज और उनकी पत्नी पूजा पुंज के पास है।

बयान में कहा गया है कि मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 22 चल और अचल संपत्तियों को अस्थाई रूप से कुर्क किया गया है।

इसमें कहा गया है कि कुर्क की गई संपत्तियों में टेक्सास के एक मकान के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड, गुजरात, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, गोवा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में मौजूद औद्योगिकी भूखंड और रिहायशी संपत्तियां शामिल हैं।

ईडी ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की उस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी के प्रवर्तकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने गलत और हेर-फेर के जरिये तैयार किए गए वित्तीय दस्तावेज जमा करके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई वाले बैंकों के एक समूह के साथ 376 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।

भाषा पारुल माधव

माधव