आरएसएस कार्यालय में पेट्रोल बम हमले के मामले में चार राज्यों में ईडी के छापे
आरएसएस कार्यालय में पेट्रोल बम हमले के मामले में चार राज्यों में ईडी के छापे
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जून में रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर हुए बम हमले से जुड़े मामले में धनशोधन की जांच के तहत बृहस्पतिवार को चार राज्यों में छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन शाहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) जांच एजेंसियों के निशाने पर है। इस मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण(एनआईए) के बाद ईडी दूसरी केंद्रीय एजेंसी है, जो इस गिरोह की जांच कर रही है।
गृह मंत्रालय ने 16 सितंबर को एसबीएन को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
ईडी के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली, बिहार, झारखंड और कर्नाटक में स्थित परिसरों पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की गई।
आरएसएस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया था कि 17 जून की दोपहर रांची के निवारणपुर इलाके में स्थित उसके कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके गए थे जिसके बाद झारखंड पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
बुधवार को जारी गृह मंत्रालय की राजपत्र अधिसूचना में यूएपीए की धारा 35(1)(ए) का इस्तेमाल करते हुए शाहज़ाद भट्टी नेटवर्क को अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल किया गया, जिसमें प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की सूची है।
केंद्र सरकार का कहना है कि एसबीएन भारत में आतंकवाद की विभिन्न घटनाओं में शामिल रहा है और इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई।
भाषा शोभना नरेश
नरेश

Facebook


