नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अमेरिकी नागरिकों से कथित तौर पर ठगी करने वाले एक ‘‘फर्जी’’ कॉल सेंटर के खिलाफ धनशोधन के मामले में बुधवार को चंडीगढ़, पंजाब और महाराष्ट्र में दो दिन तक चली छापेमारी की कार्रवाई पूरी की।
केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि चंडीगढ़, पटियाला और पुणे स्थित चार परिसरों से 66 मोबाइल फोन, 13 लैपटॉप और हार्ड डिस्क तथा कुछ नकदी जब्त की गई।
यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई।
ईडी ने कहा कि वह ‘‘कॉलिंग अभियान, स्क्रिप्ट, डायलर और वीओआईपी आधारित प्रणालियों, पीड़ितों से संबंधित डेटा, भुगतान के माध्यमों, संचालन का प्रबंधन और नियंत्रण करने वाले लोगों तथा कॉल सेंटर की कथित गतिविधियों से अर्जित धन के प्रवाह’’ की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि ये ‘‘फर्जी’’ कॉल सेंटर मुख्य रूप से अमेरिका में रहने वाले लोगों को निशाना बनाते थे।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश