एफसीआरए विधेयक संबंधी समिति में राज्यसभा के दो सदस्य ‘विशेष आमंत्रित सदस्य’ नामित

Ads

एफसीआरए विधेयक संबंधी समिति में राज्यसभा के दो सदस्य 'विशेष आमंत्रित सदस्य' नामित

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 10:57 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 10:57 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पर विचार कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) में राज्यसभा के दो सदस्यों को बुधवार को ‘‘विशेष आमंत्रित सदस्य’’ के रूप में नामित किया।

लोकसभा बुलेटिन के अनुसार, समाजवादी पार्टी (सपा) के जावेद अली खान और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के जेम्स पांगसांग कोंगकल संगमा को विधेयक पर विचार कर रही समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य नामित किया गया है।

इस 31 सदस्यीय जेपीसी का गठन सितंबर की शुरुआत में किया गया था। समिति में लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल हैं।

बीते मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों की ओर से एफसीआरए विधेयक को वापस लेने की मांग के बीच इसे जेपीसी के पास भेजा गया था।

भाजपा के संजय जायसवाल की अध्यक्षता वाली समिति विधेयक के प्रावधानों पर विचार करेगी और इसके बाद अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।

भाषा

हक पारुल

पारुल