तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे में जान गंवाने वाली पांचों महिलाएं ओडिशा की, शव लाने के प्रयास जारी: मंत्री

Ads

तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे में जान गंवाने वाली पांचों महिलाएं ओडिशा की, शव लाने के प्रयास जारी: मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 05:26 PM IST

भुवनेश्वर, 22 जून (भाषा) ओडिशा के श्रम मंत्री गणेश राम सिंहखुंटिया ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर की मछली चारा निर्यात फैक्टरी में अमोनिया गैस के रिसाव से जान गंवाने वाली पांच महिलाएं राज्य के क्योंझर जिले की थीं और उनके शव यथाशीघ्र उनके लाने की कोशिशें की जा रही हैं।

तमिलनाडु सरकार के एक बयान के अनुसार, यह औद्योगिक दुर्घटना रविवार को पेरियापालयम के निकट फैक्टरी में हुई।

बयान के अनुसार इस हादसे में 74 श्रमिक प्रभावित हुए हैं तथा 67 का इलाज चल रहा है। इस घटना में रविवार रात आठ बजे तक दो लोगों की मौत होने की खबर थी, जबकि रात में तीन और की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

ओडिशा के श्रम आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और उन्होंने पुष्टि की है कि ओडिशा की पांच महिला श्रमिकों की इस दुर्घटना में मौत हुई है।’’

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृत श्रमिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

एक सरकारी बयान में कहा गया है कि ओडिशा सरकार प्रभावित श्रमिकों के इलाज और दूसरी मदद सुनिश्चित करने के लिए तमिलनाडु प्रशासन के लगातार संपर्क में है।

बयान के अनुसार, मुख्य सचिव अनु गर्ग ने रविवार को तमिलनाडु में अपने समकक्ष अधिकारी के साथ बातचीत की।

इसमें यह भी कहा गया है कि ओडिशा सरकार के अधिकारियों की एक टीम तमिलनाडु पहुंच गई है तथा इलाज, पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं और अन्य व्यवस्थाओं के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।

बयान के अनुसार एम.एम. पाइक नामक एक अधिकारी पोस्टमार्टम और उससे जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं में तालमेल के लिए चेन्नई में ही रहेंगे। दो अन्य अधिकारी तिरुवल्लुर गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मृत श्रमिकों में से एक का शव पोस्टमार्टम के लिए रविवार रात चेन्नई पहुंचाया गया, जबकि अन्य शव तिरुवल्लूर में हैं।

उन्होंने कहा कि हादसे में घायल कुछ श्रमिकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है।

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश