घाटी में कुछ केंद्रीय बलों को राज्य कर्मियों से बदलने के प्रयास जारी हैं : मणिपुर गृह मंत्री

Ads

घाटी में कुछ केंद्रीय बलों को राज्य कर्मियों से बदलने के प्रयास जारी हैं : मणिपुर गृह मंत्री

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 09:16 PM IST

इंफाल, 11 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने शनिवार को कहा कि घाटी के जिलों के बाहरी इलाकों में तैनात कुछ केंद्रीय बलों को आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानांतरित करने और उनकी जगह राज्य सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने के प्रयास जारी हैं।

मंत्री की ये टिप्पणियां घाटी स्थित नागरिक संस्थाओं की ओर से केंद्रीय बलों के स्थान पर राज्य कर्मियों की तैनाती की बढ़ती मांग के बीच आई हैं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि निकटवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों से हुए हालिया सशस्त्र और बम हमलों को प्रभावी ढंग से रोका नहीं जा सका।

एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कोंथौजम ने कहा, “हम केंद्रीय बलों के कुछ हिस्सों को परिधीय घाटी क्षेत्रों से पड़ोसी पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानांतरित करने और उनकी जगह राज्य सुरक्षा बलों को तैनात करने की कोशिश कर रहे हैं।”

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि राज्य बलों में जनशक्ति की कमी के कारण यह परिवर्तन तुरंत नहीं किया जा सकता है, जिससे यह प्रक्रिया साजोसामान संबंधी चुनौतियों से भरी हो जाती है।

बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में हाल ही में हुए बम हमले में दो बच्चों की मौत के संबंध में कोंथौजम ने कहा कि जांच जारी है।

उन्होंने आगे कहा, “फिलहाल हम कुछ नहीं कह सकते।”

भाषा प्रशांत माधव

माधव