छत्तीसगढ़ के सरगुजा में किसान की पिटाई और ट्रैक्टर से कुचल कर मारने के आरोप में आठ गिरफ्तार

Ads

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में किसान की पिटाई और ट्रैक्टर से कुचल कर मारने के आरोप में आठ गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 12:21 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 12:21 PM IST

अंबिकापुर, 15 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जमीन विवाद के दौरान 60 वर्षीय एक किसान को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पथरई गांव में रविवार को जमीन विवाद के दौरान एक पक्ष ने किसान होसराम पैकरा की लाठी—डंडे से जमकर पिटाई कर दी और बाद में ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सिलमा गांव के निवासी होसराम और पथरई गांव के निवासी बजरंग पैकरा के बीच लंबे समय से जमीन के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को जब बजरंग का परिवार विवादित खेत पर जुताई और बुआई करने पहुंचा, तब होसराम अपने परिजनों के साथ वहां काम रोकने पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान बजरंग के पक्ष ने होसराम की जमकर पिटाई करने के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी जान ले ली।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी टैक्टर चालक उमेश, भुवनेश्वर, बजरंग, मनोज, रघुनंदन, बोधन और दो महिलाओं कमली तथा प्यारी को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि पथरई गांव में जिस जमीन को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हुआ वह 6.30 एकड़ जमीन मूल रूप से कामेश्वरी नामक एक निःसंतान महिला की थी। होसराम उनकी देखभाल करते थे, जिसके आधार पर उन्होंने वसीयत के जरिए जमीन पर दावा किया था। वहीं बजरंग का परिवार भी इसे अपनी पैतृक जमीन बता रहा था।

उन्होंने बताया कि जब मामला तहसीलदार तक पहुंचा तब उन्होंने फैसला होसराम के पक्ष में सुनाया था। बाद में अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के पास अपील हुई तब फैसला पलट गया और बजरंग के पक्ष में निर्णय आया। दो अलग-अलग फैसलों के कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को बरामद कर उसे पोस्टामार्टम के लिए भेजा।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है।

भाषा संजीव मनीषा

मनीषा