केरल में मानसून से पहले एनडीआरफ की आठ टीम तैनात की जाएंगी
केरल में मानसून से पहले एनडीआरफ की आठ टीम तैनात की जाएंगी
तिरुवनंतपुरम, 20 मई (भाषा) केरल में अगले हफ्ते मानसून के दस्तक देने संभावना के मद्देनजर तैयारियों के तहत राज्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की आठ टीम तैनात की जाएंगी।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) की एक विज्ञप्ति के अनुसार, केरल के कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, अलाप्पुझा, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझिकोड और वायनाड जिलों में एनडीआरएफ की एक-एक टीम तैनात की जाएगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, एनडीआरएफ की प्रत्येक टीम में 30 बचावकर्मी होंगे। हर एक टीम आत्मनिर्भर होने के साथ आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक खोज एवं बचाव उपकरण, संचार उपकरण तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित होगी।
विज्ञप्ति में कहा गया कि ये सभी टीम केएसडीएमए के सदस्य सचिव के अनुरोध पर तैनात की गई हैं।
इसमें बताया गया कि स्थिति पर करीब से नजर रखने के लिए तमिलनाडु के अरक्कोनम में एनडीआरएफ केंद्र पर 24×7 संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष काम करेगा।
केएसडीएमए ने कहा कि इसके अलावा, मौसम के उतार-चढ़ाव पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए एनडीआरएफ केरल के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के साथ मिलकर सभी जरूरी प्रयास कर रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा था कि 26 मई के आसपास केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, मानसून के आने के समय में चार दिनों का अंतर हो सकता है, यानी यह 26 मई से चार दिन पहले या चार दिन बाद आ सकता है।
भाषा
प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


