नोएडा (उत्तर प्रदेश), 21 अगस्त (भाषा) नोएडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र की सदरपुर कॉलोनी की एक महिला को पिटबुल नस्ल के पालतू कुत्ते से कटवाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना सेक्टर- 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सेक्टर 45 में रहने वाले प्रियांशु चौहान ने बृहस्पतिवार सुबह रिपोर्ट दर्ज करवाई।
शुक्ल ने बताया कि प्रियांशु चौहान ने शिकायत में कहा कि उनकी मां संतोष चौहान 17 अगस्त की रात करीब 10 बजे सेक्टर 45 में एक्सिस बैंक के एटीएम के पास से पैदल अपने घर की तरफ जा रही थीं, तभी हितेंद्र नामक व्यक्ति अपना पिटबुल कुत्ते वहां पर लेकर आया।
उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार हितेंद्र ने कुत्ते को जानबूझकर चौहान की मां की तरफ छोड़ दिया, जिसके बाद पिटबुल ने उनकी मां को बुरी तरह से काटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि चौहान के अनुसार वह अपनी मां का उपचार कराने में व्यस्त था इसलिए आज उसने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं सिम्मी शोभना
शोभना