होशियारपुर, 19 फरवरी (भाषा) पंजाब के एक गांव में एक लुटेरे ने 99 वर्षीय महिला की हत्या कर दी और उनके शव को घर में मौजूद लोहे की संदूक में छिपा दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान छब्बेवाल क्षेत्र के भाम गांव निवासी जोगिंदर कौर के रूप में हुई है जो घर में अकेले रह रही थीं।
पुलिस ने बताया कि बुधवार देर शाम उनका शव संदूक में पाया गया और सिर पर चोट के निशान थे।
पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है क्योंकि उसे शक है कि वही हत्यारा है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब महिला के घर पर दूध पहुंचाने वाले एक व्यक्ति ने बुधवार को देखा कि पिछली शाम उसने महिला के दरवाजे पर जो दूध की बोतल रखी थी, वह वैसी ही पड़ी थी।
यह असामान्य घटना थी, इसलिए उसने पड़ोसियों को सूचित किया।
स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग महिला की तलाश शुरू की। वे उसके घर में दाखिल हुए और तलाशी लेने पर उन्हें लोहे की संदूक के अंदर उनका शव पाया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या के लिए सजा) और 331(3) (अपराध करने के इरादे से घर में अनाधिकार घुसपैठ या सेंधमारी) के तहत डेनियल नाम के व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर चोरी के इरादे से घर में घुसा था और लूटपाट के दौरान उसने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी।
अधिकारियों ने कहा कि आरोपी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा तान्या संतोष
संतोष